हैदराबाद, 01 सितंबर । तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एन रामचंद्र राव को मंगलवार को उनके हैदराबाद स्थित घर में नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया गया। वह नलगोंडा जाकर पार्टी के जिला अध्यक्ष से मिलने वाले थे, जिनके घर पर बीते दिन कथित तौर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ की थी।
सोमवार को हैदराबाद स्थित भाजपा कार्यालय पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच तनाव बढ़ गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली वाले स्थल का कथित रूप से 'शुद्धिकरण कार्यक्रम' किए जाने के विरोध में भाजपा दफ्तर के पिछले गेट पर काला रंग फेंका। हैदराबाद में हुई इस घटना के बाद नलगोंडा जिला अध्यक्ष नागम वर्षित रेड्डी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रीनगर कॉलोनी स्थित मंत्री कोमातीरेड्डी वेंकट रेड्डी के कैंप कार्यालय की ओर मार्च किया और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का पुतला फूंका।
भाजपा का आरोप है कि इसके जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष के घर में घुस गए, वहां तोड़फोड़ की और परिवार के सदस्यों पर हमला किया। वर्षित रेड्डी द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में एक दर्जन से अधिक लोग घर में घुसकर फर्नीचर तोड़ते दिख रहे हैं। एक अन्य क्लिप में टीवी, फ्रिज और एक मेज जमीन पर पड़े हैं तथा कुत्ते का खाना फर्श पर बिखरा दिख रहा है।
रामचंद्र राव ने वर्षित रेड्डी के आवास पर जाने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें कथित तौर पर रोक दिया।
तेलंगाना भाजपा की ओर से सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट में कहा गया कि हमले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय, कांग्रेस सरकार ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को नजरबंद करने का रास्ता चुना, ताकि उन्हें नलगोंडा जाने और पीड़ित भाजपा परिवार के साथ खड़े होने से रोका जा सके।
